कोच्चि/नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सीएमआरएल से जुड़े कथित रिश्वत मामले में केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी बेटी वीणा टी. और दामाद पी. ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखा है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 66(2) के तहत यह पत्र भेजा है और इसमें उक्त मामले में की गई जांच के निष्कर्षों का हवाला दिया गया है।
धन शोधन रोधी कानून की यह धारा ईडी को अपनी आपराधिक जांच के निष्कर्ष किसी कानून प्रवर्तन एजेंसी के साथ साझा करने का अधिकार देती है, ताकि उसके आधार पर नयी प्राथमिकी या शिकायत दर्ज की जा सके। ऐसी पुलिस प्राथमिकी के आधार पर ईडी पीएमएलए के तहत मामला दर्ज कर सकती है।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने पीएमएलए के तहत इस मामले में जांच और छापेमारी के दौरान मिले ‘‘साक्ष्यों’’ के आधार पर विजयन, उनकी बेटी वीणा, रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केरलम के डीजीपी से पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है।
ईडी का आरोप है कि केरलम की खनन कंपनी ‘कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड’ (सीएमआरएल) ने वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ को ‘आईटी कंसल्टेंसी सेवाओं’ के नाम पर कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया था। केंद्रीय एजेंसी ने जून में वीणा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस समय वह राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में किराये के मकान में विजयन के साथ रह रही थीं। इसके बाद ईडी ने उनसे पूछताछ भी की थी।
ईडी ने अगस्त में एक बयान में कहा था कि वीणा टी. के खिलाफ तलाशी के दौरान कुछ ‘‘हस्तलिखित’’ नोट जब्त किए गए थे। इन नोटों में दुबई में किए गए कुछ धन हस्तांतरण का विवरण दर्ज था।
वीणा के पति और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता रियास ने कहा था कि वह और पार्टी ईडी के मामले का राजनीतिक और कानूनी तौर पर सामना करेंगे।
माकपा के प्रदेश सचिव एम. वी. गोविंदन ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ईडी अब रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।
विजयन ने अपनी बेटी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया था।
भाषा गोला वैभव
वैभव