इंफाल, आठ सितंबर (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मणिपुर पहुंचे और इस दौरान वह बिष्णुपुर जिले में स्थित आजाद हिंद फौज (आईएनए) संग्रहालय और युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्यपाल अजय कुमार भल्ला और मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह समेत अन्य गणमान्य लोगों ने इंफाल हवाई अड्डे परउपराष्ट्रपति का स्वागत किया।
अधिकारियों ने बताया कि हवाई अड्डे पहुंचने पर राधाकृष्णन ने सलामी गारद का भी निरीक्षण किया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘उपराष्ट्रपति सड़क मार्ग से बिष्णुपुर जिले के मोइरांग स्थित आईएनए संग्रहालय और आईएनए युद्ध स्मारक जाएंगे। इसके बाद वह इंफाल लौटेंगे और सैनिक स्कूल का दौरा करेंगे।’’
आजाद हिंद फौज का झंडा पहली बार 14 अप्रैल, 1944 को मोइरांग में फहराया गया था।
संग्रहालय में पत्रों, तस्वीरों, सैनिकों के बैज और युद्ध से जुड़ी अन्य स्मृतियों का संग्रह है। यह संग्रहालय नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आईएनए के सैनिकों द्वारा किए गए बलिदानों की याद दिलाता है।
उपराष्ट्रपति के सैनिक स्कूल के दौरे के दौरान राज्यपाल भल्ला और मुख्यमंत्री सिंह भी उनके साथ रहेंगे।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि असम से मणिपुर पहुंचे राधाकृष्णन शाम साढ़े चार बजे मणिपुर से रवाना होकर अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर स्थित डोनी पोलो हवाई अड्डे के लिए जाएंगे।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा