ईडी ने ‘आप’ सांसद अशोक मित्तल से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों पर छापे मारे
ईडी ने ‘आप’ सांसद अशोक मित्तल से जुड़े शैक्षणिक संस्थानों पर छापे मारे
जालंधर/नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) की जांच के तहत पंजाब और हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल से जुड़े व्यावसायिक और आवासीय परिसरों की तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जालंधर और गुरुग्राम में लगभग 10 स्थानों पर फेमा के तहत तलाशी ली गयी।
ईडी के अधिकारियों ने बताया कि इसमें फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) का परिसर और गुरुग्राम में स्थित टेट्र कॉलेज ऑफ बिजनेस और मास्टर्स यूनियन कॉलेज ऑफ बिजनेस नामक दो संबद्ध शैक्षणिक संस्थान शामिल हैं।
मित्तल (61) को हाल में राज्यसभा में ‘आप’ का उपनेता नियुक्त किया गया है, जहां उन्होंने राघव चड्ढा की जगह ली है। वह फगवाड़ा में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति भी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ईडी फेमा की जांच के रूप में इन शैक्षणिक संस्थानों के कुछ विदेशी वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छापेमारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी ‘तैयारियां’ शुरू कर दी हैं, जहां वर्तमान में आम आदमी पार्टी की सरकार है।
‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर मान के पोस्ट को टैग करते हुए उनके बयान का समर्थन किया।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


