बेटियों की शिक्षा और गौवंश संरक्षण राजस्थान सरकार की प्राथमिकता: भजनलाल शर्मा
बेटियों की शिक्षा और गौवंश संरक्षण राजस्थान सरकार की प्राथमिकता: भजनलाल शर्मा
जयपुर, 26 मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि बेटियों की शिक्षा और गौवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित श्री राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा सिद्ध संत राजाराम जी महाराज के 144वें जन्मोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में गौ संरक्षण का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है तथा राज्य की गौशालाओं को 3,400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक लाख 37 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश मवेशियों को अब सुरक्षित आवास में रखा जा रहा है।
आधिकारिक बयान के अनुसार उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सांस्कृतिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
शर्मा ने कहा कि सनातन के गौरव भगवान श्रीराम मर्यादा के प्रतीक, सत्य के संवाहक, धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वोच्च आदर्श हैं तथा उनका जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र, कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का काम हो रहा हैं जिसके तहत अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण, वाराणसी से लेकर महाकाल महालोक कॉरिडोर समेत प्रमुख तीर्थस्थलों के आधारभूत ढांचे और सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार

Facebook


