महिलाओं के सशक्तीकरण में शिक्षा की अहम भूमिका है : राष्ट्रपति मुर्मू

Ads

महिलाओं के सशक्तीकरण में शिक्षा की अहम भूमिका है : राष्ट्रपति मुर्मू

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 07:45 PM IST

गंगटोक, 27 मई (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को कहा कि शिक्षा महिलाओं के सशक्तीकरण का एक शक्तिशाली साधन है।

यहां सिक्किम विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए, मुर्मू ने कहा कि पदक प्राप्तकर्ताओं की सूची में छात्राओं का वर्चस्व दिख रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का इससे बेहतर उदाहरण नहीं हो सकता।

राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे यह जानकर खुशी हुई कि पदक प्राप्त करने वालों में 70 प्रतिशत छात्राएं हैं।’’

मुर्मू ने कहा कि छात्राओं ने प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल की है। राष्ट्रपति ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने स्नातक छात्रों के साथ सफलता के कई मंत्र भी साझा किए।

मुर्मू ने कहा, ‘‘अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें, दूसरों के अनुभव और ज्ञान से सीखें, खुद को अलग-थलग करने के बजाय सहयोग करें, लक्ष्यों को प्राथमिकता दें और ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना में आत्मनिर्भर और सफल योगदानकर्ता बनें।’’

सिक्किम के तीन दिवसीय दौरे पर आईं मुर्मू ने प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिक संतुलन को संरक्षित रखने के लिए हिमालयी राज्य की प्रशंसा भी की।

राष्ट्रपति ने सिक्किम विश्वविद्यालय से सिक्किम और पूर्वोत्तर की संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देना जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने विश्वविद्यायल के भाषा केंद्र के माध्यम से इस क्षेत्र और उत्तरी बंगाल में बोली जाने वाली लुप्तप्राय भाषाओं के संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।

शैक्षणिक वर्ष 2023, 2024 और 2025 के दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 13,782 उपाधियां प्रदान की गईं। उत्कृष्टता प्रदर्शन के लिए 285 छात्रों को स्वर्ण और रजत पदक प्रदान किए गए, जिनमें से 199 छात्राएं थीं।

भाषा शफीक नरेश

नरेश