इजराइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान के निवासियों से इलाका खाली करने को कहा

Ads

इजराइल की सेना ने दक्षिणी लेबनान के निवासियों से इलाका खाली करने को कहा

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 12:03 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 12:03 AM IST

बेरूत, 27 मई (एपी) इजराइली सेना ने बुधवार को दक्षिणी लेबनान के निवासियों को इलाका छोड़ देने को कहा, क्योंकि सेना वहां अपना अभियान तेज कर रही है।

इजराइली सेना ने एक बयान में कहा कि वह लेबनान के चरमपंथी संगठन हिजबुल्लाह के खिलाफ ‘अत्यंत ताकत’ से कार्रवाई करेगी।

यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब एक दिन पहले ही दक्षिणी लेबनान की एक सामरिक रूप से महत्वपूर्ण नदी के पास इजराइली सैनिकों और ईरान समर्थित हिजबुल्लाह के बीच झड़पें हुई थीं। इजराइली सेना लगातार उत्तर की ओर बढ़ रही है, और यह घटनाक्रम वाशिंगटन में लेबनानी और इजराइली प्रतिनिधिमंडलों के बीच होने वाली वार्ता से कुछ दिन पहले हुआ है।

बुधवार को दी गई यह चेतावनी 17 अप्रैल को संघर्षविराम लागू होने के बाद से लेबनानी नागरिकों को दक्षिणी क्षेत्र छोड़ने का पहला आदेश है, जो इजराइल-हिजबुल्लाह युद्ध में आई तेजी के बाद आया है।

इजराइली सैनिक लितानी नदी को पार कर चुके हैं और दक्षिणी शहर नबातियेह के करीब पहुंच गए हैं।

इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच हाल के दिनों में लगभग हर दिन गोलाबारी होती रही है, हालांकि संघर्षविराम शुरू होने के बाद से इजराइल ने बेरूत या राजधानी के आसपास के इलाकों पर हमला नहीं किया है।

एपी सुमित सुरेश

सुरेश