गुजरात में पशुओं में एफएमडी के उन्मूलन के प्रयासों को तेज किया गया, तीन करोड़ खुराक दी गईं
गुजरात में पशुओं में एफएमडी के उन्मूलन के प्रयासों को तेज किया गया, तीन करोड़ खुराक दी गईं
गांधीनगर, 18 मार्च (भाषा) गुजरात सरकार ने राज्यव्यापी व्यापक टीकाकरण अभियान के माध्यम से अत्यधिक संक्रामक खुर-मुंह रोग (एफएमडी) के उन्मूलन के प्रयासों को तेज कर दिया है, जिसके तहत वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक पशुओं को तीन करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य सरकार ने पशुधन की सुरक्षा और किसानों की आजीविका को समर्थन देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाकर ‘एफएमडी-मुक्त भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं।
इसमें कहा गया है कि 2025-26 में (अब तक) कुल 3,04,40,916 एफएमडी टीके लगाए गए हैं।
एफएमडी एक अत्यधिक संक्रामक वायरल रोग है जो खुर वाले जानवरों को प्रभावित करता है। भारत ने पहले टीकाकरण आधारित एफएमडी नियंत्रण कार्यक्रम शुरू किया था, जिसे 2019 में पूरे देश में विस्तारित किया गया था।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि गुजरात भर में पशुपालन विभाग और डेयरी सहकारी समितियों के सैकड़ों कर्मचारी वर्तमान में गांवों, खेतों और मैदानों में तैनात हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सभी पात्र मवेशियों को इस बीमारी से बचाव के लिए टीका लगाया जाए।
भाषा देवेंद्र सुरभि
सुरभि

Facebook


