जम्मू-कश्मीर में उत्साहपूर्वक मनाई गई ईद-उल-अजहा, हजरतबल में 60,000 लोगों ने अदा की नमाज

जम्मू-कश्मीर में उत्साहपूर्वक मनाई गई ईद-उल-अजहा, हजरतबल में 60,000 लोगों ने अदा की नमाज

जम्मू-कश्मीर में उत्साहपूर्वक मनाई गई ईद-उल-अजहा, हजरतबल में 60,000 लोगों ने अदा की नमाज
Modified Date: May 27, 2026 / 04:13 pm IST
Published Date: May 27, 2026 4:13 pm IST

(फोटो के साथ)

श्रीनगर/जम्मू 27 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में बुधवार को पूरे उत्साह के साथ ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग ईदगाहों, मस्जिदों और दरगाहों में नमाज अदा करने के लिए इकट्ठा हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्रीनगर में हजरतबल दरगाह में सबसे अधिक भीड़ देखी गई, जहां 60,000 से अधिक लोगों ने ईद की नमाज अदा की। यहां मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती भी नमाज अदा करने वालों में शामिल थीं।

घाटी की अन्य मस्जिदों और दरगाहों में भी लोग नमाज के लिए पहुंचे, लेकिन पुराने शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में नमाज की अनुमति नहीं दी गई।

अधिकारियों ने अंजुमन औकाफ जामा मस्जिद को ईदगाह मैदान या नौहट्टा में स्थित ऐतिहासिक मस्जिद में नमाज आयोजित करने की अनुमति नहीं दी।

घाटी भर में परंपरा के अनुसार हजारों भेड़-बकरी और अन्य जानवरों की कुर्बानी दी गई।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह अवसर प्रेम, करुणा और क्षमा जैसे मूल्यों को अपनाने की याद दिलाता है।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी ईद की बधाई देते हुए कहा कि यह त्योहार त्याग, करुणा और आस्था का प्रतीक है। अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने शांति, समृद्धि और भाईचारे की कामना की।

पुलिस अधिकारी के अनुसार ईद की नमाज शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुई और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी लोगों को ईद की बधाई दी।

जामिया मस्जिद खादिके तलब के शाही इमाम मुफ्ती इनायतुल्ला कासमी ने जम्मू में पत्रकारों से बात करते हुए जम्मू-कश्मीर के लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं और पूरे क्षेत्र व दुनिया में शांति, समृद्धि और खुशहाली की दुआ की।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ईद श्रद्धा और एकता के साथ मनाई जा रही है।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में