राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित, बैठक बारह बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित, बैठक बारह बजे तक स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित, बैठक बारह बजे तक स्थगित
Modified Date: July 21, 2026 / 11:45 am IST
Published Date: July 21, 2026 11:45 am IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) नीट पेपर लीक को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर बारह बजे तक स्थगित कर दी गई।

संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी हंगामे के कारण उच्च सदन में शून्यकाल नहीं हो पाया।

सुबह 11 बजे बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाए।

इस दौरान खरगे ने कुछ कहना चाहा। सभापति ने उन्हें अपनी बात रखने की अनुमति दी।

खरगे ने कहा कि नीट पेपर लीक को लेकर सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और यह सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

उनकी बात पूरी नहीं हो पाई थी कि आपत्ति जताते हुए सत्ता पक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर विपक्षी सदस्यों ने भी हंगामा शुरू कर दिया।

सदन में हंगामे के बीच सभापति राधाकृष्णन ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी और शून्यकाल नहीं हो पाया।

संसद का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ है और नीट पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण कल भी सदन में कोई कामकाज नहीं हो पाया था।

भाषा

मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में