श्रीनगर, अप्रैल 14 (भाषा) जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में अध्यापक द्वारा एक छात्रा के कथित यौन उत्पीड़न के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर उपद्रव करने के मामले में पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोपोर के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक वरिष्ठ अध्यापक को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल से ये जानकारी दी कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उपद्रव में शामिल 8 उपद्रवी तत्वों को सोपोर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है; तथा अन्य 25 की पहचान कर ली गयी है।
पुलिस ने कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि यौन उत्पीड़न की शिकायत के आधार पर अध्यापक गुलाम हुसैन मीर के खिलाफ़ मामला दर्ज कर लिया गया है।
सोमवार को मामला सामने आने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया, हालांकि कुल मिलाकर स्थिति शान्त रही। शिक्षा विभाग के निदेशक ने मीर को निलंबित कर दिया है तथा जांच के आदेश दिये हैं।
विभाग के संयुक्त निदेशक (उत्तर कश्मीर) को मामले के जांच अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है, तथा 15 दिन में रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है।
भाषा वैभव
वैभव