सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना में आठ लोगों की मौत: मुख्यमंत्री
सिक्किम में निर्माणाधीन सुरंग ढहने की घटना में आठ लोगों की मौत: मुख्यमंत्री
(तस्वीर के साथ)
गंगटोक, 21 जुलाई (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को बताया कि एक दिन पहले नामची जिले में एक निर्माणाधीन सुरंग के ढहने से आठ मजदूरों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि झोलुंगे के समरडुंग में एनएचपीसी (नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन) तीस्ता चरण-छह जल विद्युत परियोजना के तहत निर्माणाधीन सुरंग भूस्खलन के कारण ढह गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनसे बात की और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली।
तमांग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नामची जिले के समरडुंग, झोलुंगे में एनएचपीसी तीस्ता चरण-छह जल विद्युत परियोजना के तहत निर्माणाधीन सुरंग में हुई दुखद घटना के बाद माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझसे बात की और मौजूदा हालात तथा जारी बचाव कार्यों के बारे में जानकारी ली।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों के प्रति उनकी चिंता और संवेदनशीलता से भरे शब्दों के साथ-साथ भारत सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन इस कठिन समय में सिक्किम के लोगों के लिए बड़ी ताकत और भरोसे का स्रोत बना है।’’
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर भूस्खलन के कारण सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया और गैस रिसाव की आशंका के बीच लगभग 27 मजदूर अंदर फंस गए थे।
उन्होंने बताया कि सुरंग के अंदर गैस होने के कारण बचाव अभियान जटिल हो गया है; फंसे श्रमिकों तक पहुंचने की कोशिश के दौरान कई बचावकर्मियों को चक्कर आए और कुछ बेहोश भी हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, माना जा रहा है कि यह गैस भूमिगत परतों या चट्टानी संरचनाओं से प्राकृतिक रूप से निकल रही है, जो भूस्खलन से प्रभावित है।
भाषा सुरभि शफीक
शफीक

Facebook


