राज्यसभा के नवनिर्वाचित आठ सदस्यों ने शपथ ली
राज्यसभा के नवनिर्वाचित आठ सदस्यों ने शपथ ली
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तरुण चुघ समेत राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित आठ सदस्यों ने सोमवार को सदस्यता की शपथ ली।
राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने नए सदस्यों को शपथ दिलाई।
खरगे ने राधाकृष्णन के चैम्बर में अलग से शपथ ली, जबकि अन्य सात सदस्यों ने राज्यसभा कक्ष में शपथ ग्रहण की।
खरगे और चुघ के अलावा शपथ लेने वाले अन्य नए सदस्यों में गुजरात से जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया और मानसिंह मेरामन परमार, कर्नाटक से एम. नागराजा, महाराष्ट्र से राजेंद्र हीरालाल जैन, मणिपुर से अधिकारीमयुम शारदा देवी तथा राजस्थान से अलका सिंह शामिल हैं।
शपथ ग्रहण के दौरान राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता जेपी नड्डा, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू और विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद थे। वे सभापति के कक्ष और सदन, दोनों स्थानों पर मौजूद रहे।
खरगे ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर हिंदी में शपथ ली।
इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी मौजूद थीं।
राधाकृष्णन ने नए सदस्यों को बधाई दी और उच्च सदन में उनका स्वागत किया।
भाषा हक हक वैभव
वैभव

Facebook


