नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के आठ विधायक बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
लखमन रिंबुई, पीयूष मारवेन, किर्मेन शायला, मेयरलबॉर्न सिएम, मैथ्यू कुरबाह, ओलान सिंह सुइन, बालाजिएद कुपर सिनरेम और सिनशार कुपर रॉय यहां भाजपा में शामिल हुए।
यूडीपी विधायकों का पार्टी में स्वागत करते हुए रीजीजू ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हुई प्रगति को देखते हुए भाजपा का दामन थामा है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह केवल पूर्वोत्तर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम है।’’
रीजीजू ने कहा, ‘‘ये सभी आठ विधायक प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नीत राजग सरकार के प्रदर्शन से बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।’’
संवाददाता सम्मेलन में भाजपा सांसद संबित पात्रा ने यहां भाजपा में शामिल हुए यूडीपी के आठ विधायकों के नामों की घोषणा की। पात्रा ने कहा, ‘‘हम उनके साथ बातचीत कर रहे थे।’’
पात्रा पूर्वोत्तर राज्यों के लिए पार्टी के समन्वयक भी हैं।
भाषा तान्या संतोष
संतोष