बेंगलुरु, 28 सितंबर (भाषा) बेंगलुरु के बाहरी इलाके में सोमवार सुबह सैर के लिए निकले 60 वर्षीय व्यक्ति की जंगली हाथी के हमले में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना मैसूर रोड पर राजराजेश्वरी अस्पताल के पास अंचेपल्या इलाके में हुई।
मृतक की पहचान नागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वह सुबह करीब साढ़े पांच बजे अपनी बेटी के साथ टहल रहे थे, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने उन्हें मैसूर रोड स्थित आरआर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया, “नागराज सुबह करीब साढ़े पांच बजे सैर के लिए निकले थे, तभी जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।”
सूत्रों के अनुसार, यह घटना कग्गलीपुरा वन क्षेत्र में हुई और आशंका है कि हाथी बन्नेरघट्टा क्षेत्र से आया था।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है और हाथी का पता लगाने तथा उसे पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नागराज अपनी पत्नी और चार बेटियों के साथ रहते थे और कथित तौर पर दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे।
इस घटना से क्षेत्र के लोगों में चिंता बढ़ गई है। इस इलाके में हजारों मकान हैं और सुबह के समय लोगों की आवाजाही काफी रहती है।
भाषा वैभव
वैभव