निर्वाचन आयोग ने बंगाल में केंद्रीय बलों की 480 कंपनियों की जिलावार तैनाती को अंतिम रूप दिया

Ads

निर्वाचन आयोग ने बंगाल में केंद्रीय बलों की 480 कंपनियों की जिलावार तैनाती को अंतिम रूप दिया

  •  
  • Publish Date - March 2, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - March 2, 2026 / 06:57 PM IST

कोलकाता, दो मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले निर्वाचन आयोग ने सोमवार को राज्य भर में केंद्रीय बलों की 480 कंपनियों की तैनाती के लिए जिलावार सूची जारी की। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय बलों की 240 कंपनियां पहले ही राज्य में पहुंच चुकी हैं और चुनाव पूर्व तैनाती के तहत विभिन्न जिलों में मार्च शुरू कर चुकी हैं, जबकि शेष 240 कंपनियों के 10 मार्च को पहुंचने का कार्यक्रम है।

उन्होंने कहा कि तैनाती के दूसरे चरण के साथ, जिलों में कुल 480 कंपनियों की तैनाती के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है।

उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग को 11 कंपनियां तैनात की जाएंगी, जिनमें से छह को पहले चरण में और पांच को दूसरे चरण में तैनात किया जाएगा। वहीं, सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्तालय में पांच कंपनियां होंगी, जबकि कलिम्पोंग को चार कंपनियां मिलेंगी।

अधिकारी के अनुसार, अलीपुरद्वार में कुल सात कंपनियां होंगी और जलपाईगुड़ी में कुल 10 कंपनियां होंगी। उत्तर दिनाजपुर जिले में इस्लामपुर पुलिस जिले को नौ कंपनियां मिलेंगी, जिनमें से पांच पहले ही पहुंच चुकी हैं, जबकि रायगंज पुलिस जिले को 10 कंपनियां मिलेंगी।

दक्षिण दिनाजपुर में 10 कंपनियां होंगी, और दूसरे चरण में अतिरिक्त तैनाती की कोई योजना नहीं है। मालदा में 18 कंपनियां काम करेंगी, जिनमें से 12 पहले ही काम शुरू कर चुकी हैं और छह अन्य कंपनियां दूसरे चरण में शामिल होंगी।

अधिकारी ने बताया कि मुर्शिदाबाद पुलिस जिले को कुल 20 कंपनियां मिलेंगी, जबकि जंगीपुर पुलिस जिले को 15 कंपनियां मिलेंगी। नदिया में, कृष्णानगर पुलिस जिले को 13 कंपनियां और रानाघाट पुलिस को नौ कंपनियां मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि कोलकाता में कुल 30 कंपनियां होंगी, जिनमें से 12 को पहले चरण में तैनात किया जाएगा और 18 को दूसरे चरण में भेजा जाएगा।

हावड़ा पुलिस आयुक्तालय को 10 कंपनियां मिलेंगी, जबकि हावड़ा ग्रामीण पुलिस जिले को 11 कंपनियां मिलेंगी।

हुगली (ग्रामीण) में 16 कंपनियां और चंदननगर पुलिस आयुक्त कार्यालय में 11 कंपनियां तैनात की जाएंगी।

अधिकारी के अनुसार, उत्तर 24 परगना में, बारासात पुलिस जिले में 11 कंपनियां, बोंगांव में 6, बशीरहाट में 17 और बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय में 19 कंपनियां होंगी। बिधाननगर पुलिस आयुक्त कार्यालय में पांच कंपनियां होंगी।

उन्होंने कहा कि दक्षिण 24 परगना में, बारुईपुर पुलिस जिले में 13 कंपनियां होंगी, डायमंड हार्बर में 11 और सुंदरबन में 9 कंपनियां तैनात की जाएंगी। पूर्वी मेदिनीपुर में 28 कंपनियां तैनात की जाएंगी, जबकि पश्चिमी मेदिनीपुर में 20 कंपनियां होंगी।

चुनाव निकाय के अधिकारी ने बताया कि झाड़ग्राम में 11 कंपनियां होंगी, जबकि पूर्बी बर्धमान में 25 कंपनियां, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्तालय (17), बीरभूम (21) कंपनियां, पुरुलिया (20) और बांकुरा में 13) कंपनियां तैनात की जाएंगी।

अधिकारियों ने बताया कि यह तैनाती चुनाव तिथियों की औपचारिक घोषणा से काफी पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उद्देश्य मतदाताओं में विश्वास जगाना और यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों।’’

भाषा

नेत्रपाल नरेश

नरेश