कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पश्चिम बंगाल से पांच आईपीएस अधिकारियों को अन्य राज्यों में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में तैनात करने के अपने पूर्व निर्णय को फिलहाल स्थगित कर दिया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने बुधवार को एक अधिसूचना जारी कर बिधाननगर पुलिस आयुक्त मुरलीधर शर्मा और सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त सैयद वकार रजा सहित 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की घोषणा की थी, ताकि वे राज्य के बाहर होने वाले चुनावों में पर्यवेक्षक के रूप में कार्य कर सकें।
हालांकि, आयोग ने 24 घंटे के भीतर ही उनमें से पांच के संबंध में अपना निर्णय बदल दिया।
अधिकारियों ने बताया कि भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के शेष 10 अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अन्य राज्यों में पुलिस पर्यवेक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए रवाना होंगे।
नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पांच अधिकारियों से संबंधित आदेश को फिलहाल सुरक्षित रखा गया है। उन्हें तत्काल रवाना होने की आवश्यकता नहीं है।’’
नयी दिल्ली में आयोग द्वारा जारी पूर्व अधिसूचना के अनुसार, शर्मा और रजा को तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था।
भाषा शफीक माधव
माधव