हिमाचल प्रदेश की 3,754 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव 26, 28 और 30 मई को होंगे

Ads

हिमाचल प्रदेश की 3,754 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव 26, 28 और 30 मई को होंगे

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 09:37 PM IST

शिमला, 28 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को घोषणा की कि राज्य में 3,754 ग्राम पंचायतों के चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे।

खाची ने बताया कि 25.11 लाख से अधिक महिलाएं, 25.67 लाख से अधिक पुरुष और 29 उभयलिंगी सहित लगभग 50.79 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल मतदाताओं में से 52,350 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि 31,182 पदों के लिए चुनाव होंगे, जिनमें 21,654 ग्राम पंचायत सदस्य, 3,754 प्रधान और 3,754 उप-प्रधान, 1,679 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।

खाची ने बताया कि राज्य में 75 में से कम से कम 22 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव नहीं हो पाएंगे, क्योंकि राज्य निर्वाचन आयोग को उनके लिए आरक्षण रोस्टर सरकार से प्राप्त नहीं हुआ है।

राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 में हमीरपुर, बद्दी और ऊना नगर परिषदों का दर्जा बदलकर नगर निगम कर दिया था और नियमों के अनुसार इनके चुनाव दो वर्ष के भीतर कराए जाने थे।

खाची ने मंगलवार को कहा कि चुनाव कराने के लिए मतदाता सूची का अंतिम रूप देना और राज्य सरकार द्वारा आरक्षण रोस्टर जारी करना दो अहम शर्तें हैं।

उन्होंने बताया कि 22 शहरी स्थानीय निकायों के लिए आरक्षण रोस्टर सरकार से प्राप्त नहीं हुआ और आयोग उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के मद्देनजर अधिक प्रतीक्षा नहीं कर सकता था, इसलिए अन्य निकायों में चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

खाची ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग को 31 मई तक पंचायत चुनाव कराने का निर्देश दिया है।

भाषा राखी रंजन

रंजन