गुरुग्राम, 29 सितंबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर-23 इलाके में कार चला रही एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस की आपात प्रतिक्रिया टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चिकित्सकीय जांच में पता चला कि महिला के गर्भाशय में समस्या के कारण अंदरूनी रक्तस्राव हो रहा था।
चिकित्सकों ने बताया कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर उसकी हालत गंभीर हो सकती थी।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब पौने छह बजे 35 वर्षीय महिला कार चला रही थी, तभी उसे कमजोरी महसूस हुई और वह बेहोश होने लगी।
पुलिस के मुताबिक, उसने तुरंत अपने पति को फोन कर अपनी तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी।
लीवर संबंधी बीमारी के इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती महिला के पति ने वहीं से पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर मदद मांगी।
महिला के परिजनों ने अस्पताल में बताया, ‘‘112 पर सूचना मिलते ही ईआरवी-265 की पुलिस टीम बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची और महिला की मदद की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गुरुग्राम पुलिस की यह तत्परता वास्तव में सराहनीय है।’’
पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने आपात प्रतिक्रिया वाहन (ईआरवी) टीम के कार्य की सराहना करते हुए उसके लिए पुरस्कार की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव