मेरे जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ: ममता ने भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद कहा

Ads

मेरे जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ: ममता ने भवानीपुर सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद कहा

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 12:41 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 12:41 PM IST

(फोटो के साथ)

कोलकाता, आठ अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और कहा कि उनके जीवन में सब कुछ यहीं से शुरू हुआ।

‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ और ‘तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ के नारे लगाते समर्थकों की भीड़ के बीच बनर्जी ने अपने कालीघाट आवास से अलीपुर सर्वे बिल्डिंग तक एक रोड शो का नेतृत्व किया। अलीपुर सर्वे बिल्डिंग में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

अपनी चिर परिचित मुस्कान के साथ वह हाथ जोड़े लगभग 800 मीटर तक चलीं और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े पार्टी कार्यकर्ताओं का उन्होंने अभिवादन किया।

नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरा जन्म और पालन-पोषण यहीं भवानीपुर में हुआ है। मेरे जीवन की हर चीज की शुरुआत यहीं से हुई।’’

भवानीपुर सीट के अलावा हर सीट पर तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं न केवल भवानीपुर बल्कि सभी 294 निर्वाचन क्षेत्र के लोगों से अपील करती हूं कि वे हमारे उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें। हम बड़े जनादेश के साथ जीतेंगे।’’

तृणमूल कांग्रेस ने 2021 के विधानसभा चुनाव में 213 सीटें जीती थीं।

हालांकि, बनर्जी ने मतदाता सूची से नामों को हटाए जाने पर चिंता व्यक्त की और कहा कि उनकी पार्टी मतदाता सूची को ‘फ्रीज’ करने के खिलाफ फिर से अदालत का रुख करेगी।

बनर्जी ने कहा, ‘‘मुझे बेहद दुख है कि मतदाता सूची से इतने सारे नाम हटा दिए गए हैं। मेरी समझ से परे है कि मतदाता सूचियों को क्यों रोक दिया गया है। हम इसके खिलाफ फिर से अदालत में अपील करेंगे।’’

भवानीपुर से तीन बार विधायक रह चुकीं बनर्जी का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से होने वाला है।

नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके साथ मौजूद लोगों में कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम की पत्नी रूबी हाकिम, वार्ड 71 के तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बबलू सिंह और भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी के मिराज शाह शामिल थे।

उनके साथ उनके परिवार के सदस्य भी थे।

तृणमूल कांग्रेस ने बनर्जी के रोड शो और नामांकन दाखिल करने को भवानीपुर में बंगाल की बहुलवादी संस्कृति के संदेश के रूप में पेश किया, जो एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है जहां गुजराती व्यापारी, बंगाली परिवार, पंजाबी परिवार और मुस्लिम निवासी दशकों से साथ-साथ रहते आए हैं।

सत्तारूढ़ पार्टी ने भवानीपुर को ‘‘मिनी-इंडिया’’ और पश्चिम बंगाल की समावेशी पहचान के प्रतीक के रूप में पेश करने का प्रयास किया।

पश्चिम बंगाल में 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतों की गिनती चार मई को होगी।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा