पूर्व कैदी ने तिरुवनंतपुरम में जेल अधिकारी, उनकी पत्नी पर किया हमला

पूर्व कैदी ने तिरुवनंतपुरम में जेल अधिकारी, उनकी पत्नी पर किया हमला

पूर्व कैदी ने तिरुवनंतपुरम में जेल अधिकारी, उनकी पत्नी पर किया हमला
Modified Date: July 19, 2026 / 12:30 pm IST
Published Date: July 19, 2026 12:30 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई (भाषा) केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के चाला मार्केट में एक पूर्व कैदी ने जेल विभाग के एक अधिकारी और उनकी पत्नी पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

फोर्ट पुलिस ने मेनामकुलम निवासी सहायक जेल अधिकारी प्रिजीत एच. नायर पर शनिवार रात हुए कथित हमले के मामले में टी. एस. आशीष के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, आशीष को पूर्व में तिरुवनंतपुरम में एक चिकित्सक पर हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया था और एक स्थानीय अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। उसे उसी जेल में रखा गया था, जहां नायर सहायक जेल अधिकारी के रूप में तैनात थे।

पुलिस ने बताया कि आशीष हाल ही में जेल से बाहर आया था।

शनिवार रात जब नायर अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए चाला मार्केट गए थे, तभी आशीष ने उन पर कथित तौर पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, जब नायर की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आशीष वहां से फरार हो गया।

नायर और उनकी पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फोर्ट पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि जेल में रहने के दौरान भी आशीष जेल अधिकारियों पर हमला करने की घटनाओं में शामिल रहा है।

भाषा शोभना सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में