भुवनेश्वर, 15 जून (भाषा) भुवनेश्वर से एक पशु चिकित्सा संस्थान के 33 वर्षीय पूर्व प्रोफेसर को एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने और सोशल मीडिया पर उसकी ‘मॉर्फ्ड’ (छेड़छाड़ की गई) तस्वीरें प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
भरतपुर थाने के कर्मियों ने छात्रा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा का अभिभावक बनने के बहाने उससे करीबी संबंध विकसित किए थे और इसके बाद उसने काफी समय तक उसे प्रताड़ित किया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व प्रोफेसर ने छात्रा के सोशल मीडिया अकाउंट से ली गई तस्वीरों में छेड़छाड़ की और उन्हें विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रसारित किया।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत