लखनऊ, 15 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान 10 लाख से अधिक वाहनों की जांच की और 76,000 से ज्यादा चालान काटे। इस दौरान कुल 56.91 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, ध्वनि प्रदूषण, हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट के बिना वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के खिलाफ यह राज्यव्यापी अभियान नौ मई से 14 जून के बीच हर शनिवार और रविवार को चलाया गया।
अभियान के दौरान कुल 10,24,030 वाहनों की जांच की गई। इसमें शराब पीकर वाहन चलाने के 13,431, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या हूटर का इस्तेमाल कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने के 28,477, बिना हाई सिक्योरिटी पंजीकरण प्लेट के वाहन चलाने के 33,616 और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के 930 मामलों में कार्रवाई हुई। कुल 76,454 चालान काटे गए और 56.91 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान डीजीपी राजीव कृष्ण के निर्देश पर राज्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए शुरू किया गया था। अभियान एडीजी (ट्रैफिक निदेशालय) की देखरेख में चलाया गया, जिसमें जिला यातायात अधिकारी, क्षेत्राधिकारी और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने सहयोग किया।
भाषा किशोर आनन्द
सुरभि
सुरभि