केरल में यूडीएफ सरकार बनने के बाद से आबकारी विभाग ने 20,669 मामले दर्ज किए : मंत्री

केरल में यूडीएफ सरकार बनने के बाद से आबकारी विभाग ने 20,669 मामले दर्ज किए : मंत्री

केरल में यूडीएफ सरकार बनने के बाद से आबकारी विभाग ने 20,669 मामले दर्ज किए : मंत्री
Modified Date: July 12, 2026 / 07:57 pm IST
Published Date: July 12, 2026 7:57 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 12 जुलाई (भाषा) केरल के आबकारी मंत्री एम. लिजू ने रविवार को कहा कि 18 मई को संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीएफ) सरकार के सत्ता में आने के बाद से राज्य में आबकारी विभाग ने नियमों के उल्लंघन के 20,669 मामले दर्ज किए और 4,616 लोगों को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई आबकारी विभाग के मादक पदार्थ विरोधी अभियान ‘मयंगिल्ला केरलम’ के प्रवर्तन अभियान ‘ऑपरेशन थंडर’ के तहत की गई।

मंत्री ने एक फेसबुक पोस्ट में बताया कि आबकारी विभाग ने 18 मई से 11 जुलाई तक राज्यभर में 24,131 छापे मारे।

उन्होंने बताया कि कुल मामलों में से 1,983 मामले स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत, 3,444 मामले आबकारी अधिनियम के तहत और 15,242 मामले सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) के तहत दर्ज किए गए।

लिजू ने बताया कि इस प्रवर्तन अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने 268 किलो गांजा, 324 भांग के पौधे, 292 ग्राम हेरोइन, 846 ग्राम एमडीएमए, 924 ग्राम मेथामफेटामाइन, 185 ग्राम हशीश तेल, 503 लीटर अवैध शराब, 9,135 लीटर भारत में निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल), 756 लीटर स्पिरिट और 24,925 लीटर वॉश जब्त किया।

भाषा खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में