दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के राजौरी गार्डन में तेज रफ्तार एसयूवी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत, आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: July 12, 2026 / 08:21 pm IST
Published Date: July 12, 2026 8:21 pm IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन में अपने दोस्त के साथ काम से घर लौट रहे 45 वर्षीय व्यक्ति को एक तेज रफ्तार ‘स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर वाहन को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना शनिवार की है और चालक को रविवार को गिरफ्तार किया गया। मृतक की पहचान ख्याला निवासी उदय कुमार उर्फ उदय महतो के रूप में हुई है, जो राजौरी गार्डन में एक दुकान में काम करता था।

पुलिस के अनुसार, उदय, रघुबीर नगर निवासी अपने दोस्त सुभाष कुमार के साथ पैदल घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। उसने बताया कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया, ‘‘तेज रफ्तार एसयूवी ने उदय को टक्कर मार दी और उसका दोस्त बाल-बाल बच गया।’’

सुभाष घायल उदय को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि अस्पताल से दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एक टीम वहां पहुंची और जांच शुरू की।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को दुर्घटना में शामिल वाहन का पंजीकरण नंबर साझा किया, जिससे जांचकर्ताओं को संदिग्ध की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस ने कहा कि अपराध शाखा ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया, हालांकि एसयूवी चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान नारायणा विहार निवासी देवांश कुमार (25) के रूप में हुई है। इसके साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

भाषा

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में