तेलंगाना: महिला बीएलओ ने एसआईआर के दौरान हमला किए जाने का आरोप लगाया, तीन पर मामला दर्ज

तेलंगाना: महिला बीएलओ ने एसआईआर के दौरान हमला किए जाने का आरोप लगाया, तीन पर मामला दर्ज

तेलंगाना: महिला बीएलओ ने एसआईआर के दौरान हमला किए जाने का आरोप लगाया, तीन पर मामला दर्ज
Modified Date: July 12, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: July 12, 2026 8:22 pm IST

हैदराबाद, 12 जुलाई (भाषा) तेलंगाना के कामारेड्डी ज़िले में ‘बूथ’ स्तरीय एक महिला अधिकारी ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों पर सरकारी कामकाज में बाधा डालने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

बीएलओ (42) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई को जब वह घर-घर जाकर मतदाता गणना कर रही थीं तब उसके साथ मारपीट की गई।

उसने आरोप लगाया कि दो महिलाएं उसके पास आईं और गणना प्रपत्र जमा किए।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन के दौरान शिकायतकर्ता ने देखा कि गणना प्रपत्र पर कोई तस्वीर नहीं लगी थी। उसने वहां मौजूद महिलाओं में से एक से इस बारे में पूछा, तो उसने कथित तौर पर जवाब दिया कि वह बांग्लादेश की रहने वाली है और इसलिए अपनी तस्वीर नहीं लगाएगी। इसके बाद बीएलओ ने गणना प्रपत्र लेने से इनकार कर दिया।

शिकायतकर्ता ने दोनों महिलाओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने सरकारी कामकाज करने से रोका, बदसलूकी की और धक्का दिया।

उसने यह भी आरोप लगाया कि एक व्यक्ति वहां आया और बांग्लादेश का ज़िक्र करते हुए उससे गणना प्रपत्र अस्वीकार करने के बारे में सवाल किए। उस व्यक्ति ने धमकी दी कि अगर उसने गणना प्रपत्र स्वीकार नहीं किया तो वह उसे जान से मार देगा।

पुलिस के मुताबिक, झगड़े के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर बीएलओ का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन्होंने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

जब पुलिस अधिकारी से पूछा गया कि क्या गणना प्रपत्र भरने वाली महिला बांग्लादेशी है (जैसा कि शिकायत में आरोप लगाया गया है), तो उन्होंने कहा कि वह महिला भारतीय है।

तेलंगाना में एसआईआर के लिए घर-घर जाकर गिनती का काम 25 जून को शुरू हुआ था जो 24 जुलाई तक चलेगा।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में