जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की कवायद, केंद्रीय विश्वविद्यालय में ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई होगी

Ads

जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की कवायद, केंद्रीय विश्वविद्यालय में ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई होगी

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 04:13 PM IST

जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय ने सामान्य से कम बारिश होने के पूर्वानुमान को देखते हुए आने वाले विषम सेमेस्टर के दौरान ‘ऑनलाइन मोड’ में पढ़ाई कराने का फैसला किया है।

विश्वविद्यालय के एक आदेश के अनुसार ‘विषम सेमेस्टर’ 15 जुलाई से शुरू होगा और 14 अगस्त तक सभी कक्षाओं की पढ़ाई ‘ऑनलाइन’ माध्यम से होगी।

अधिकारियों के अनुसार यह कदम मौसम के पूर्वानुमान और विश्वविद्यालय परिसर में पानी के समझदारी भरे इस्तेमाल की जरूरत को देखते हुए उठाया गया एक ‘सकारात्मक और एहतियाती कदम’ है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय को अपनी रोजाना की जरूरतों के लिए लगभग साढ़े तीन लाख लीटर पानी की जरूरत होती है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि अभी पानी का पर्याप्त इंतजाम है, लेकिन कुछ समय के लिए ऑनलाइन कक्षाओं से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करने में मदद मिलेगी।’

आदेश में कहा गया है कि यह फैसला राजस्थान में सामान्य से कम बारिश की संभावना और पानी के संसाधनों के विवेकपूर्ण इस्तेमाल की जरूरत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि संकाय सदस्य तय कार्यक्रम के अनुसार ‘ऑनलाइन मोड’ में कक्षाएं लेते रहेंगे साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों की उपस्थिति बनी रहे और अकादमिक गतिविधियां सुचारु व निर्बाध चलती रहें।

आदेश के अनुसार जिन संकाय सदस्यों की गर्मी की छुट्टियां 14 जुलाई को खत्म हो रही हैं वे विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे। जिनके ग्रीष्मकालीन अवकाश 21 जुलाई तक हैं वे उस तारीख तक अपनी-अपनी जगहों से ऑनलाइन कक्षाएं लेंगे और उसके बाद परिसर में पहुंचकर ऑनलाइन पढ़ाएंगे।

भाषा पृथ्वी संतोष

संतोष