त्रिशूर, 16 मार्च (भाषा) केरल में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) से निष्कासित विधायक सी सी मुकुंदन सोमवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
मुकुंदन को भाकपा से इसलिए निष्कासित कर दिया गया था, क्योंकि उन्होंने अनुसूचित जाति के लिये आरक्षित नट्टिका विधानसभा क्षेत्र से दोबारा टिकट न दिए जाने पर वामपंथी दल के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
इससे पहले, वह कांग्रेस के साथ भी बातचीत कर रहे थे और उन्होंने नयी दिल्ली में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की थी।
मुकुंदन ने त्रिशूर में भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी की सदस्यता ली।
उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें दलित एवं आदिवासी समुदायों के हितों की रक्षा करने की क्षमता है।
उन्होंने कहा, “मैं इस उम्मीद के साथ पार्टी में शामिल हुआ हूं कि और भी बदलाव होंगे। मेरी सबसे बड़ी इच्छा लोगों के हितों की रक्षा करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।”
मुकुंदन ने कहा कि उन्होंने भाजपा के प्रति ईमानदार रहने की शपथ ली है।
भाषा रंजन रवि कांत