पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश की संभावना: मौसम विभाग

पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश की संभावना: मौसम विभाग

पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में शुक्रवार तक बहुत भारी बारिश की संभावना: मौसम विभाग
Modified Date: July 8, 2026 / 03:22 pm IST
Published Date: July 8, 2026 3:22 pm IST

कोलकाता, आठ जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में अगले दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश तथा इसके बाद 13 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव की आशंका बढ़ गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने बुधवार को एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा का भी अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग और कालिम्पोंग की पहाड़ियों में भूस्खलन तथा क्षेत्र के मैदानी इलाकों के निचले हिस्सों में जलभराव की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है।

विभाग ने कहा कि उत्तर बंगाल के जिलों में 10 से 13 जुलाई के दौरान भी भारी वर्षा होने की संभावना है।

विभाग के अनुसार, दक्षिण बंगाल में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। विभाग के अनुसार, नौ और 10 जुलाई को उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली और पूर्व बर्दवान जिलों में कुछ जगहों पर भारी वर्षा हो सकती है।

विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में कूचबिहार में 10 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सर्वाधिक रही।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर बंगाल में अन्य स्थानों में अलीपुरद्वार के आर्यमान चाय बागान में नौ सेंटीमीटर, कूचबिहार के घुघुमारी में नौ सेंटीमीटर तथा जलपाईगुड़ी के बारादीघी चाय बागान में नौ सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह तक कोलकाता में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

भाषा अमित शफीक

शफीक


लेखक के बारे में