दिल्ली के नरेला में फैक्टरी मालिक की हत्या

Ads

दिल्ली के नरेला में फैक्टरी मालिक की हत्या

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 05:37 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 05:37 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दिल्ली के नरेला इलाके में स्थित एक फैक्टरी के बाहर उसके मालिक की अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि फैक्टरी मालिक को शुक्रवार रात बेहोशी की हालत में सत्यवादी राजा हरीश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तर) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि चिकित्सा जांच में फैक्टरी मालिक की गर्दन, कंधे और पीठ के निचले हिस्से पर चाकू के कई घाव मिले।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि रवि (28) ने नरेला के डीएसआईआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी किराये पर ली थी, जहां वह जूते बनाने का व्यवसाय करता था। पुलिस ने बताया कि रवि नरेला में रहते थे और मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि 20 फरवरी को रात करीब 8:30 बजे फैक्टरी बंद करने के बाद एक ठेकेदार को चाबियां सौंप कर रवि एक अन्य साथी के साथ मोटरसाइकिल से जाने लगा और इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसके बाद हमलावर फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई हैं।

भाषा यासिर अमित

अमित