युवा कांग्रेस का एआई सम्मेलन में प्रदर्शन नेपाल के ‘जेन जेड’ आंदोलन से प्रेरित था: दिल्ली पुलिस

Ads

युवा कांग्रेस का एआई सम्मेलन में प्रदर्शन नेपाल के ‘जेन जेड’ आंदोलन से प्रेरित था: दिल्ली पुलिस

  •  
  • Publish Date - February 21, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - February 21, 2026 / 10:36 PM IST

नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन नेपाल के हिंसक ‘जेन जेड’ आंदोलन से प्रेरित था। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को यह बात कही।

नेपाल में ‘जेन जेड’ के हिंसक आंदोलन के बाद वहां की सरकार को सत्ता से बेदखल होना पड़ा। ‘जेन जेड’ उस पीढ़ी को कहा जाता है जो 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई है।

जांचकर्ता प्रदर्शन के पीछे के वित्तीय लेन-देन की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह पता लगाना भी शामिल है कि प्रदर्शन के दौरान लहराई गई टी-शर्टों की छपाई के लिए किसने धन दिया था। टी-शर्टों पर ‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौता’ और ‘एप्स्टीन फाइल्स’ के संबंध में नारे लिखे थे।

पुलिस ने कहा कि टीम उन स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं जहां टी-शर्ट को प्रिंट किया गया था और उन व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं जो इसका इंतजाम करने में शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब से भी पूछताछ कर रही है, जिनसे लगातार दूसरे दिन पूछताछ की गई। वहीं, विरोध प्रदर्शन से कथित तौर पर जुड़े शेष प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और तिलक मार्ग थाने में उनके खिलाफ आपराधिक साजिश, गैरकानूनी सभा, लोक सेवकों पर हमला, कर्तव्य में बाधा डालना और सरकारी अधिकारियों द्वारा जारी आदेशों की अवज्ञा सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस के अनुसार, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने ऑनलाइन पंजीकरण कराने और क्यूआर कोड आधारित प्रवेश पास प्राप्त करने के बाद कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया और अंदर जाकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर नारे लगाए, नारों वाली टी-शर्ट के ऊपर पहनी हुई कमीजें उतार दीं और कार्यक्रम स्थल के अंदर हंगामा किया। पुलिस ने बताया कि धक्का-मुक्की के दौरान कार्यक्रम स्थल पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं।

जांचकर्ता संदिग्धों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप की जांच कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुछ और नाम सामने आए हैं और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।

भाषा जितेंद्र आशीष वैभव

वैभव