प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने वाली लड़की के परिवार ने नोएडा का अपना घर छोड़ा
प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने वाली लड़की के परिवार ने नोएडा का अपना घर छोड़ा
नोएडा (उप्र), चार अगस्त (भाषा) दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाली 15 वर्षीय लड़की का परिवार मंगलवार को नोएडा स्थित अपने घर पर नहीं मिला। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें परिवार को परेशान किए जाने की कोई शिकायत नहीं मिली है।
सेक्टर-168 में मौजूद हाउसिंग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड और रखरखाव कर्मियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वायरल वीडियो में नजर आई लड़की और उसकी मां घर पर नहीं हैं।
एक सुरक्षा गार्ड ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘वीडियो सामने आने के बाद से ही परिवार ने लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था और दिल्ली व नोएडा पुलिस के अधिकारी कुछ मौकों पर उनके घर आए थे।’’
हालांकि, हाउसिंग सोसाइटी के कर्मियों ने कहा कि उन्हें परिवार के मौजूदा ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
परिवार के उत्पीड़न के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नोएडा के एक्सप्रेसवे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हाउसिंग सोसाइटी के अंदर या कहीं और परिवार को परेशान किए जाने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है।
अधिकारी ने कहा कि नोएडा पुलिस ने लड़की के खिलाफ शिकायत मिलने के दिन ही शून्य प्राथमिकी दर्ज की थी और इसे दिल्ली पुलिस को भेज दिया था, क्योंकि कथित घटना राष्ट्रीय राजधानी में हुई थी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘तब से परिवार हमारे संपर्क में नहीं है और न ही उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ कोई जानकारी या शिकायत साझा की है।’’
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि परिवार अस्थायी रूप से पड़ोसी राज्य हरियाणा के फरीदाबाद में चला गया हो।
यह घटनाक्रम लड़की की मां द्वारा प्रधानमंत्री मोदी से अपनी बेटी को माफ करने की अपील करने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। मां ने कहा था कि परिवार ने कई बार माफी मांगी है और नाबालिग लड़की विरोध प्रदर्शन के दौरान बहकावे में आ गई थी।
एक अगस्त को ‘पीटीआई-वीडियो’ के साथ बातचीत में मां ने कहा था कि घटना के बाद लड़की को सार्वजनिक रूप से माफ करने के लिए वह प्रधानमंत्री की आभारी हैं।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


