फरीदाबाद, 14 जुलाई (भाषा) फरीदाबाद में आगरा नहर से एक युवक और महिला के शव बरामद हुए हैं, जिनके हाथ डेटा केबल से बंधे हुए थे और उनके चेहरों पर चोट के निशान हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान आकाश उर्फ अक्कू (23) और रश्मि उर्फ रजनी (27) के रूप में हुई है। दोनों के शनिवार शाम नहर में कूदने की सूचना मिलने के बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। रविवार शाम शाहपुर कलां के पास आगरा नहर से दोनों के शव बरामद किए गए।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों की मौत डूबने से हुई या फिर हथौड़े जैसे किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण हुई।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
इस मामले में बीपीटीपी पुलिस ने शनिवार को सेक्टर-31 निवासी शिवम कुमार की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
शिकायत में शिवम ने आरोप लगाया कि सेक्टर-31 के एक जिम में आने वाला आकाश उसकी पत्नी रश्मि को परेशान करता था। हालांकि इस संबंध में उससे पूछे जाने के बाद उसने माफी मांग ली थी, लेकिन पिछले 10 दिनों से वह फिर से रश्मि को परेशान कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, रश्मि शनिवार दोपहर करीब दो बजे आकाश से मिलने के लिए अपनी कार से घर से निकली थी। उसी दिन शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि बीपीटीपी पुल के पास आगरा नहर में एक युवक और एक महिला ने छलांग लगा दी है।
पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर रश्मि की कार मिली। कार की तलाशी लेने पर उसमें से दो मोबाइल फोन और खून से सना एक हथौड़ा बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
अधिकारियों के अनुसार, शनिवार शाम से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और अन्य जांच एजेंसियां दोनों की तलाश में जुटी थीं।
उन्होंने बताया कि दोनों शव बरामद होने के बाद मामले की जांच का दायरा और व्यापक कर दिया गया है।
इस बीच, आकाश के रिश्तेदार अजय नागर ने आरोप लगाया कि यह हत्या का मामला है। उनका दावा है कि आकाश को एक साजिश के तहत बुलाया गया था, जिसके बाद उसकी और महिला की हत्या कर दी गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला की मौत हथौड़े से वार किए जाने के कारण हुई या नहर में डूबने से। दोनों के हाथ डेटा केबल से बंधे मिले हैं, इसलिए मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों, बरामद मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ तस्वीर जल्दी ही साफ हो जाएगी।’’
भाषा राखी शोभना
शोभना