पश्चिम बंगाल सरकार ने मरीजों के लिए भोजन पर दैनिक खर्च की सीमा बढ़ाकर 110 रुपये की

Ads

पश्चिम बंगाल सरकार ने मरीजों के लिए भोजन पर दैनिक खर्च की सीमा बढ़ाकर 110 रुपये की

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 10:13 AM IST

कोलकाता, 14 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन पर रोजाना होने वाले खर्च को लगभग दोगुना बढ़ाते हुए 56.64 रुपये से 110 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह नयी व्यवस्था एक अगस्त से लागू होगी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने एक अधिसूचना में कहा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गठित समिति की समीक्षा के बाद भोजन पर दैनिक खर्च की संशोधित दर को मंजूरी दी गई है।

अधिसूचना में कहा गया कि समिति ने जून में मौजूदा दरों की समीक्षा की और इसमें खाने-पीने की चीज़ों की मौजूदा बाज़ार कीमतों को ध्यान में रखा।

अधिसूचना में कहा गया है कि ‘फुल राइस डाइट’ के लिए बढ़ी हुई दर एक अगस्त से सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में भर्ती मरीजों पर लागू होगी। यह मौजूदा नियमों के अधीन होगी।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सरकार ने सरकारी अस्पतालों और स्कूलों में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और उसके पोषण मूल्य में सुधार के लिए ‘ऐतिहासिक और जन-केंद्रित’ कदम उठाया है।

भाषा तान्या शोभना

शोभना