फरीदाबाद मेला हादसा : झूला मालिक गिरफ्तार, बाद में जमानत पर रिहा

Ads

फरीदाबाद मेला हादसा : झूला मालिक गिरफ्तार, बाद में जमानत पर रिहा

  •  
  • Publish Date - May 5, 2026 / 10:17 PM IST,
    Updated On - May 5, 2026 / 10:17 PM IST

फरीदाबाद, पांच मई (भाषा) फरीदाबाद पुलिस ने झूला दुर्घटना मामले में झूले के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

सूरजकुंड मेले में सात फरवरी को झूला गिरने से पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद की मौत हो गई थी और 12 अन्य लोग घायल हो गए थे।

अधिकारी ने बताया कि सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में लगाए गए ‘सुनामी’ झूले के मुख्य मालिक मेरठ निवासी शुभम गुप्ता को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

बाद में, शहर की एक अदालत ने गुप्ता को जमानत पर रिहा कर दिया।

इस मामले में झूला एजेंसी के मालिक मोहम्मद शाकिर, प्रबंधक नितेश और झूला संचालक अदनान को पहले ही गिरफ्तार किया गया था।

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त ने दुर्घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

झूला एजेंसी के मालिक और संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में बढाकर लापरवाही से हुई मौत के मामले में बदल दिया गया। एसआईटी ने इस मामले में अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है।

एसआईटी के एक वरिष्ठ जांच अधिकारी ने कहा कि गुप्ता से पूछताछ के बाद पूरक आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।

एसआईटी अधिकारी के अनुसार, गुप्ता को जांच में सहयोग करने के लिए कई नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन सहयोग नहीं करने पर गिरफ्तारी की गयी।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश