नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) राज्यसभा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के धनंजय भीमराव म्हादिक ने महाराष्ट्र के कुछ जिलों में किसानों को घटिया बीज और नकली खाद दिए जाने की शिकायत मिलने का दावा करते हुए मांग की कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाए और कंपनी की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित किसानों को उनकी फसल खराब होने की वजह से मुआवजा दिया जाए।
शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए भाजपा के म्हादिक ने कहा कि महाराष्ट्र में पुणे और कई जिलों से किसानों को घटिया बीज देने तथा नकली खाद किसानों को नकली उर्वरक मिलने की शिकायत मिली।
उन्होंने कहा ‘‘इन घटिया बीजों की वजह कई जगहों पर बीजों का अंकुरण अधिक नहीं हुआ, पौधों की बढ़त कमजोर रही और उत्पादन में गिरावट आई है। किसानों की लागत बढ़ गई और उन्हें फसल का अनुमानित उत्पादन तथा उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा है।’’
म्हादिक ने कहा ‘‘यह केवल कृषि से संबंधित समस्या नहीं है। सरकार को इस ओर गंभीरता से काम करना चाहिए। यह खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका से जुड़ा प्रश्न है।’’
उन्होंने मांग की ‘‘पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। सीड टेस्टिंग लैब और खाद की जांच की व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। खेतों में निरंतर जांच की जाए। प्रभावित किसानों को मुआवजा दें। नियमित मिट्टी का परीक्षण किया जाए। कंपनी की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाइ की जाए। साथ ही किसानों को सही बीज और खाद की पहचान करने के लिए अधिक जागरुक करें।
शून्यकाल में ही भाजपा के जग्गेश, पाका वेंकट सत्यनारायण और द्रमुक के पी विल्सन ने भी आसन की अनुमति से लोक महत्व से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए।
भाषा मनीषा माधव
माधव