श्रीनगर, 17 सितंबर (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने सऊदी अरब के मक्का शहर के पास हुई ड्रोन से जुड़ी घटना को लेकर बृहस्पतिवार को गहरा दुख जताते हुए कहा कि इस घटना से दुनिया भर के मुसलमानों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
एक बयान में अब्दुल्ला ने कहा कि ‘हरमैन-शरीफ़ैन’ की पवित्रता एवं सम्मान समूचे मुस्लिम समुदाय की आस्था और भावनाओं से गहराई से जुड़े हुए हैं और किसी भी सूरत में इसे खतरे में नहीं डाला जाना चाहिए।
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मक्का शहर के पास हुई यह घटना बेहद परेशान करने वाली है और इससे दुनिया भर के मुसलमानों की भावनाएं आहत हो सकती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सऊदी अरब में मक्का मुकर्रमा और मदीना मुनव्वरा सिर्फ पवित्र स्थान ही नहीं हैं, बल्कि दुनिया भर के मुसलमानों के लिए इनका अत्यधिक धार्मिक महत्व है।’’
उन्होंने कहा कि इन पवित्र स्थलों की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करना, हज और उमराह करने वाले श्रद्धालुओं की रक्षा करना तथा शांति बनाए रखना बहुत जरूरी है।
भाषा सुभाष माधव
माधव