(फाइल में बदलाव के साथ)
नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू समेत विश्व के नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 76वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं तथा उनके नेतृत्व और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान की सराहना की।
नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
दूतावास ने ‘एक्स’ पर दोनों नेताओं की मुलाकात की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की।
दूतावास ने लिखा, ‘‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। हम आने वाले वर्ष में आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।’’
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था।
नयी दिल्ली में रूसी दूतावास ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने मोदी को एक संदेश भेजकर ‘‘उनके जन्मदिन पर गर्मजोशी भरी बधाई दी।’’
दूतावास ने इस संदेश के हवाले से कहा, ‘‘आपको अपने देशवासियों से अत्यधिक सम्मान और वैश्विक मंच पर बड़ा रुतबा हासिल है। भारत और रूस के बीच विशेष तथा विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को जितना भी सराहा जाए, कम है।’’
पुतिन 12 और 13 सितंबर को भारत की अध्यक्षता में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नयी दिल्ली आए थे। उन्होंने अपनी इस यात्रा के दौरान किये गए आतिथ्य सत्कार के लिए मोदी का शुक्रिया अदा किया।
रूसी दूतावास ने पोस्ट में पुतिन के संदेश के हवाले से कहा, ‘‘वार्ता निस्संदेह ठोस, स्पष्ट और सार्थक रही। हमेशा की तरह, आपसे बात करके बहुत खुशी हुई और हमारी (बैठक के दौरान हुई) चर्चा ने एक बार फिर आपकी असाधारण राजनीतिक समझ और दूरदर्शिता को साबित किया।’’
दूतावास ने पुतिन के संदेश के हवाले से कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से अपने मित्र देशों के लाभ के लिए महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर अपना रचनात्मक सहयोग जारी रखेंगे।’’
इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।
मेलोनी ने कहा, ‘‘मेरे दोस्त नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करती हूं। इटली और भारत अपनी गहरी दोस्ती को और मजबूत कर रहे हैं तथा साथ मिलकर दोनों देशों के लिए सहयोग और समृद्धि का भविष्य बना रहे हैं।’’
इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत को एक विश्व शक्ति बना दिया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर दोनों के बीच मुलाकात की एक पुरानी तस्वीर साझा की।
उन्होंने लिखा, ‘‘जन्मदिन की बधाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी। आपके नेतृत्व ने भारत को एक विश्व शक्ति बना दिया है। हमने मिलकर अपने दोनों महान लोकतंत्रों के बीच एक अभूतपूर्व साझेदारी बनाई है।’’
नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल और भारत के बीच दोस्ती पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़ है तथ दोनों देश मिलकर इसे और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
जापान और आस्ट्रेलिया के राजनयिकों ने भी मोदी को शुभकामनाएं दीं।
जापान के राजदूत ओनो केइची ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका नेतृत्व ‘विकसित भारत’ की ओर भारत की यात्रा को प्रेरित करता रहेगा। अगले साल राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर, उम्मीद है कि भारत-जापान की साझेदारी और नयी ऊंचाइयों को छुएगी।’’
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, मोदी और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के बीच हुई मुलाकात की एक पुरानी तस्वीर साझा की।
उन्होंने लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, आपको जन्मदिन की बधाई। ऑस्ट्रेलिया की आपकी हालिया यात्रा ने ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों की असाधारण आत्मीयता और प्रगाढ़ संबंध तथा दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित किया।’’
भाषा सुभाष राजकुमार
राजकुमार