फरीदाबाद, 17 सितंबर (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में वाहन चोरी करने वाले पांच अलग-अलग गिरोहों के 11 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो-रिक्शा, एक स्कूटर और एक जेसीबी मशीन समेत चोरी के 21 वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी रोधी स्टाफ (एवीटीएस), भूपानी की टीम ने वाहन चोरी के मामलों में कथित संलिप्तता के आरोप में विभिन्न स्थानों से गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। यह अभियान पिछले तीन सप्ताह के दौरान चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके कब्जे से चोरी के वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी वाहन चोर गिरोहों से जुड़े हैं। इन गिरोहों के नाम साहिल-धीरेन्द्र गिरोह, राहुल-अमीर गिरोह, फैसल-मुफीद-राशिद गिरोह, फैजल-मोशिम उर्फ शाहिद गिरोह और फज्जर गिरोह हैं।
फरीदाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने कहा, ‘‘गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि उनके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और चोरी की अन्य घटनाओं से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं, चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।’’
भाषा
राखी माधव
माधव