तिरुवनंतपुरम, छह जून (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम में सड़क अवरुद्ध करने को लेकर सवाल उठाने पर एक व्यक्ति और उसके बेटे पर हमला करने के आरोप में एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान श्यामकुमार उर्फ थकारापरम्बु कुट्टन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वंचियूर के श्रीकंठेश्वरम निवासी राजेश कुमार (53) और उनके 17 वर्षीय बेटे अभिनव पर कथित रूप से हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी अरुण की तलाश की जा रही है, जिसने शुक्रवार रात पिता-पुत्र पर हमले में कथित रूप से श्यामकुमार का साथ दिया था।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे हुई, जब राजेश कुमार और उनका बेटा अभिनव मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस दौरान श्यामकुमार ने कथित रूप से अपनी कार सड़क के बीचोंबीच खड़ी कर रखी थी और एक मित्र से बातचीत कर रहा था, जिससे यातायात बाधित हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, जब कुमार ने हॉर्न बजाकर उसे वाहन हटाने और अन्य वाहन चालकों को रास्ता देने के लिए कहा, तो श्यामकुमार भड़क गया और उसने कथित रूप से अरुण के साथ मिलकर पिता-पुत्र की पिटाई कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि राहगीरों ने शुरुआत में हस्तक्षेप करने से परहेज किया क्योंकि श्यामकुमार इलाके का कुख्यात अपराधी माना जाता है। हालांकि, जब मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजेश कुमार के हाथ की हड्डी टूट गई थी, जबकि अभिनव के चेहरे पर चोटें आई हैं।
वंचियूर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर शनिवार को श्यामकुमार को वट्टियूरकावु क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और शहर के एक थाने में उसका नाम आदतन अपराधी के रूप में दर्ज है। उस पर पहले भी केरल असामाजिक गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 2007 (कापा) के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल