पक्षी विविधता के मामले में दिल्ली विश्व की दूसरी सबसे समृद्ध राजधानी

Ads

पक्षी विविधता के मामले में दिल्ली विश्व की दूसरी सबसे समृद्ध राजधानी

  •  
  • Publish Date - June 6, 2026 / 07:44 PM IST,
    Updated On - June 6, 2026 / 07:44 PM IST

नयी दिल्ली, छह जून (भाषा) नैरोबी के बाद दिल्ली पक्षी विविधता के मामले में विश्व की दूसरी सबसे समृद्ध राजधानी है, जो 471 पक्षी प्रजातियों की मेजबानी करती है। शहर के पहले व्यापक ‘दिल्ली बर्ड एटलस’ से यह जानकारी मिली।

इस एटलस को दिल्ली वन विभाग ने ‘बर्ड काउंट इंडिया’ के सहयोग से शहरव्यापी नागरिक विज्ञान पहल के रूप में तैयार किया है, जिसका उद्देश्य पूरे शहर में पक्षी प्रजातियों के निवास और संख्या का व्यवस्थित रूप से मानचित्रण करना था।

अधिकारियों ने बताया कि यह रिपोर्ट दो साल की सर्वेक्षण कवायद के पहले वर्ष के निष्कर्ष प्रस्तुत करती है, जो जनवरी 2025 में शुरू हुआ था।

इस परियोजना के तहत, दिल्ली को 6.6 किलोमीटर गुणा 6.6 किलोमीटर के ग्रिड में विभाजित किया गया था, जिसमें शहर के लगभग 11 प्रतिशत क्षेत्र को कवर करने वाले यादृच्छिक रूप से चयनित 145 ‘सब-सेल’ शामिल थे।

दो से पांच पक्षी-निरीक्षकों की टीमों ने सर्दियों और गर्मियों के मौसम के दौरान स्थानीय एवं प्रवासी प्रजातियों का दस्तावेजीकरण करने के लिए सर्वेक्षण किए।

इस एटलस में संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण कई लुप्तप्राय प्रजातियों की उपस्थिति भी दर्ज की गई है।

‘बर्ड काउंट इंडिया’ के राज्य समन्वयक पंकज गुप्ता ने कहा, ‘‘यह आंकड़ा शोधकर्ताओं और शहरी योजनाकारों को जैव विविधता को बेहतर ढंग से समझने तथा संरक्षण और शहरी विकास के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करेगा।’’

एटलस के अनुसार, अरावली पहाड़ियों, यमुना और साहिबी डूब क्षेत्र के उत्तरी किनारे पर दिल्ली की स्थिति और मध्य एशियाई फ्लाईवे (एक प्रमुख प्रवासी पक्षी मार्ग) पर इसकी स्थिति दुनिया की राजधानियों में सबसे समृद्ध पक्षी समुदायों में से एक को बनाए रखने में मदद करती है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल