बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं: त्रिपुरा युवा कांग्रेस अध्यक्ष
बेरोजगार युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं: त्रिपुरा युवा कांग्रेस अध्यक्ष
अगरतला, एक जून (भाषा) त्रिपुरा युवा कांग्रेस कमेटी (टीवाईसीसी) ने सोमवार को कहा कि वह विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के वास्ते राज्य सरकार पर दबाव बनाने और बेरोजगार युवाओं के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है।
टीवाईसीसी के अध्यक्ष नील कमल साहा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि राज्य में रोजगार का संकट एक गंभीर स्तर पर पहुंच गया है, ‘जहां टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास कर चुके उम्मीदवारों को भी सरकारी नौकरी मिलने का भरोसा नहीं है।’
साहा ने कहा, ‘टीवाईसीसी विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए सरकार को मजबूर करने के उद्देश्य से बेरोजगारों और ‘जेन जेड’ के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही है। हम बेरोजगार युवाओं और ‘जेन जेड’ से अपील करते हैं कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए हमारे इस आंदोलन में शामिल हों।’
जेन जेड 1997 से 2012 के बीच पैदा हुए युवाओं को कहा जाता है।
उन्होंने दावा किया, ‘राज्य के सभी सरकारी विभागों में शिक्षा विभाग सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर देता है। इसके बावजूद, पिछले सात-आठ वर्ष में लगभग 15,000 शिक्षक सेवानिवृत्त (रिटायर) हो चुके हैं, लेकिन उन खाली पदों को भरा नहीं गया और कई पदों को तो खत्म ही किया जा रहा है।’
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


