राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के लिए गुजरात पहुंचे फिल्मी सितारे
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के लिए गुजरात पहुंचे फिल्मी सितारे
वडोदरा, 21 सितंबर (भाषा) भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह की तैयारियां आखिरी दौर में हैं। एकता नगर में शानदार ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के समीप मंगलवार को आयोजित होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेने के लिए देश भर के दिग्गज फिल्मी सितारे और फिल्म निर्माता गुजरात पहुंचने लगे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा विजेताओं को सम्मानित किए जाने के इस कार्यक्रम को लेकर रेड कार्पेट पर अभी से हलचल तेज हो गई है। पुरस्कार जीतने वाले कलाकारों और फिल्म निर्माताओं से लेकर जाने-माने तकनीशियनों और सिनेमा जगत के दिग्गजों तक, भारतीय सिनेमा के कई बड़े नाम इस भव्य समारोह से पहले वडोदरा पहुंच चुके हैं। वडोदरा पहुंचने वाले दिग्गजों में प्रसिद्ध संगीत निर्देशक जी. वी. प्रकाश, नृत्य निर्देशक कला मास्टर, राज्यसभा सदस्य व फिल्म निर्माता-पटकथा लेखक वी. विजयेंद्र प्रसाद, अभिनेत्री श्रीलेखा मुखर्जी और फिल्म निर्माता जयराजन नायर शामिल हैं। मीडिया से बात करते हुए जी. वी. प्रकाश ने कहा कि वह पहली बार स्टैच्यू ऑफ यूनिटी देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। ‘आरआरआर’ के पटकथा लेखक विजयेंद्र प्रसाद ने भी सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित इस ऐतिहासिक स्मारक को देखने के प्रति अपनी उत्सुकता व्यक्त की। वडोदरा हवाई अड्डे के बाहर मीडिया से बात करते हुए जी. वी. प्रकाश ने कहा, ‘मैं स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को पहली बार देखकर बेहद खुश और उत्साहित हूं।’ राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक हैं। 1954 में शुरू किए गए ये पुरस्कार फीचर फिल्मों, गैर-फीचर (शॉर्ट) फिल्मों और सिनेमा पर आधारित लेखन के क्षेत्र में बेहतरीन काम को पहचान दिलाते हैं। यह पुरस्कार देश की विभिन्न भाषाओं, क्षेत्रों और फिल्म निर्माण की शैलियों को अपने दायरे में समेटते हैं.
भाषा सुमित प्रशांतप्रशांत

Facebook


