नगांव उपचुनाव : प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस के बीच झड़प
नगांव उपचुनाव : प्रचार के दौरान भाजपा और कांग्रेस के बीच झड़प
नगांव, 21 सितंबर (भाषा) असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव में प्रचार के दौरान सोमवार को समागुरी विधानसभा क्षेत्र के बारामा बाजार में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह घटना शाम करीब चार बजे समागुरी विधानसभा क्षेत्र में हुई, जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक समूह जनसभा के लिए लारीरमुख जा रहा था।
इस काफिले में धुबरी के सांसद रकीबुल हुसैन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पार्टी उम्मीदवार सिबमोनी बोरा आदि भी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेताओं को काले झंडे दिखाने के लिए भाजपा समर्थक रास्ते में एकत्र थे।
एक अधिकारी ने कहा, ‘जब दोपहिया वाहनों पर सवार करीब 30 से 40 कांग्रेस कार्यकर्ता उस इलाके से गुजरे, तो ‘गौरव गोगोई वापस जाओ, कांग्रेस वापस जाओ, रकीबुल वापस जाओ’ जैसे नारे लगाए गए, जिससे तनाव पैदा हो गया।’
उन्होंने बताया कि बैठक के बाद जब कांग्रेस का काफिला उसी रास्ते से लौटा, तो भाजपा समर्थकों ने विपक्षी पार्टी की गाड़ियों पर कथित तौर पर पत्थर फेंके।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा समर्थकों ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की, जबकि इलाके में तैनात सीआरपीएफ जवानों ने हालात को काबू में करने के लिए हमलावरों पर लाठीचार्ज किया।’
पुलिस ने बताया कि इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता लाठियां लेकर वापस लौटे और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके।
कांग्रेस की दो गाड़ियों के शीशे टूट गए। पुलिस ने बताया कि पथराव में कुछ पत्रकारों को भी मामूली चोटें आईं।
एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा दी गई और स्थिति को काबू में कर लिया गया। हमने दो लोगों को हिरासत में लिया है जो हमले में शामिल थे और उनसे पूछताछ चल रही है।’
गोगोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस कार पर पत्थर और बोतलें फेंकीं, जिसमें वह और बघेल यात्रा कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘भीड़ पर काबू के लिए पुलिस से काफी पहले अनुरोध किया गया था, लेकिन हालात को बिगड़ने दिया गया। क्या भारत के निर्वाचन आयोग को भाजपा-शासित राज्यों में हिंसा की ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बने रहना चाहिए? असल में, भाजपा को अपराधियों के लिए एक भर्ती प्रकोष्ठ खोलना चाहिए।’
भाजपा की प्रदेश इकाई ने अभी तक इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा द्वारा ‘लोकतंत्र की हत्या’ के बाद, मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने राजनीतिक विरोधियों को ‘खत्म करने के लिए अपने गुंडे भेजे हैं’।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं और उनके अभियान से सत्ताधारी भाजपा परेशान हो गई है।
बाद में, राज्य महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मीरा बोरठाकुर गोस्वामी ने हिंसा को लेकर नगांव सदर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कहा कि शिकायत की ‘जांच’ की जा रही है।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


