जयपुर, 31 अगस्त (भाषा) राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की सोमवार को निंदा की और इसे भाजपा की ‘‘अहंकार एवं दमनकारी मानसिकता’’ का परिचायक बताया।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दौरे के बाद किसी स्थान का शुद्धीकरण किया जाना सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा का अपमान है।
जूली ने कहा, ‘‘जब नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस अपमान के खिलाफ आवाज उठाई तो उनके खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। यह दर्शाता है कि दलितों के लिए आवाज उठाने वालों को परेशान करने के प्रयास किए जाएंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भेदभाव की शिकायतों को नजरअंदाज कर न्याय की मांग करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज करना सरकार के अहंकारी और दमनकारी रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या सरकार भेदभाव को रोकना चाहती है या उसके खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाना चाहती है?’’
भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए जूली ने आरोप लगाया कि भेदभाव एवं छुआछूत के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘गरीबों, दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों की गरिमा किसी सरकार की ओर से दी गई कृपा नहीं है। यह उनका संवैधानिक अधिकार है और इसमें कोई समझौता नहीं हो सकता।’’
जूली ने कहा कि कांग्रेस डरने वाली नहीं है और विधानसभा के भीतर तथा बाहर संवैधानिक अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार