कानपुर (उप्र), 29 सितंबर (भाषा) कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति ने सोशल मीडिया पर उनके और विश्वविद्यालय के बारे में भ्रामक व तथ्यात्मक रूप से गलत पोस्ट डालने के आरोप में एक छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
कुलपति विनय कुमार पाठक ने मंगलवार को फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्होंने शनिवार को गीतानगर के निवासी हर्ष सोनकर के खिलाफ कल्याणपुर थाने में शिकायत दी थी।
उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है और उचित कार्रवाई के लिए कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि सोनकर पिछले कुछ दिन से अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर विश्वविद्यालय और कुलपति से संबंधित वीडियो और पोस्ट डाल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिकायत में कहा गया है कि इन पोस्ट में ऐसे बयान दिये गये हैं और आरोप लगाये गये हैं, जो प्रथम दृष्टया गलत, भ्रामक व वास्तविक तथ्यों के विपरीत हैं।
उन्होंने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि ऐसी पोस्ट डालने से विश्वविद्यालय की साख और कुलपति की व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि शिकायत में कहा गया है कि इससे विद्यार्थियों और आम लोगों के बीच भ्रम तथा गलत धारणा पैदा होने की भी आशंका है।
कल्याणपुर के थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि कुलपति की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
उन्होंने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो और अन्य पोस्ट की जांच कर रही है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी दिवाकर अवस्थी ने बताया कि सोनकर विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर का छात्र नहीं है, बल्कि एक संबद्ध कॉलेज से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोनकर सोशल मीडिया के माध्यम से विश्वविद्यालय और उसके कुलपति के संबंध में भ्रामक एवं गलत सूचनाएं प्रसारित कर रहा था।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 (लोक शांति अथवा सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्य से संबंधित प्रावधान) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई (निजता के उल्लंघन से संबंधित प्रावधान) के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की सत्यता तथा उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं. सलीम पारुल जोहेब
जोहेब