प्रधानमंत्री का एआई से बनाया गया ‘आपत्तिजनक’ वीडियो प्रसारित करने के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज

प्रधानमंत्री का एआई से बनाया गया ‘आपत्तिजनक’ वीडियो प्रसारित करने के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज

प्रधानमंत्री का एआई से बनाया गया ‘आपत्तिजनक’ वीडियो प्रसारित करने के आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: March 7, 2026 / 05:53 pm IST
Published Date: March 7, 2026 5:53 pm IST

एटा, सात मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पुलिस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘आपत्तिजनक’ वीडियो प्रसारित करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार, एआई तकनीक का दुरुपयोग कर बनाया गया यह आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो में मारपीट और एक व्यक्ति को पानी में फेंकने जैसे दृश्य भी दिखाए गए थे, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई।

थानाध्यक्ष संदीप राणा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शुक्रवार को एक ‘एक्स’ हैंडल से पोस्ट किया गया था। उन्होंने बताया कि जांच करने पर पता चला यह वीडियो पिलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुठिया गांव निवासी संजय से जुड़े इंस्टाग्राम आईडी से व्यापक रूप से प्रसारित हुआ।

इस मामले में उपनिरीक्षक प्रवेश राणा की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और मूल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित कर लिया है।

क्षेत्राधिकारी (सदर) संकल्प दीप कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और इसकी जिम्मेदारी पिलुआ थाने के निरीक्षक को सौंपी गई है।

अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं जफर

पवनेश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में