कोटा के रासायनिक कारखाने में लगी भीषण आग, राज्यपाल का दौरा रद्द
कोटा के रासायनिक कारखाने में लगी भीषण आग, राज्यपाल का दौरा रद्द
कोटा (राजस्थान), 24 दिसंबर (भाषा) कोटा के औद्योगिक क्षेत्र में एक रासायनिक कारखाने में भीषण आग लग गई और आग बुझाने में दमकल कर्मियों को लगभग सात घंटे लग गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, आग की वजह से दृश्यता घटने के कारण राज्यपाल कलराज मिश्र का कोटा का एक दिवसीय दौरा रद्द कर दिया गया। मिश्रा को कृषि विश्वविद्यालय, कोटा के पांचवें दीक्षांत समारोह में भाग लेने के लिए दिन में करीब 11 बजे हवाई अड्डे पर उतरना था।
अधिकारियों का अनुमान है कि विज्ञान नगर थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ औद्योगिक इलाके में आग लगने से करीब 40-50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस बीच, स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने गेल गैस लिमिटेड और कोटा इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और आरोप लगाया कि अधिकारियों ने घटना के बाद दो घंटे से अधिक समय तक गैस और बिजली की आपूर्ति नहीं रोकी। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर दोनों कंपनियों ने जल्द ही आपूर्ति बंद कर दी होती, तो आग पर काबू पाया जा सकता था।
कोटा नगर निगम के सहायक दमकल अधिकारी देवेंद्र गौतम ने कहा कि भीषण आग की लपटों को बुझाने के लिए कम से कम 25 दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। आग पर काबू पाने के लिए 5,000-6,000 लीटर फोम का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, सात घंटे के अभियान के बाद भी, मलबे से आग की लपटें निकलती रहीं।
पुलिस ने कहा कि बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है, लेकिन सही कारण का पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर रासायनिक कारखाने के आसपास की इमारतों को खाली करा लिया गया।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


