प्रयागराज के बहादुरगंज में मकान में लगी आग
प्रयागराज के बहादुरगंज में मकान में लगी आग
प्रयागराज (उप्र) 11 नवंबर (भाषा) प्रयागराज में मुट्ठीगंज थानाक्षेत्र के बहादुरगंज में शनिवार को दुकान सह मकान में आग लग गई। अग्निशमन कर्मचारियों ने मकान में मौजूद तीन लोगों को सकुशल निकाल लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडे ने बताया कि अपराह्न लगभग 10 बजे बहादुरगंज स्थित एक दुकान में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गयीं।
उन्होंने बताया कि लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका और अग्निशमन के दमकल की 10 गाड़ियां लगाई गई थीं।
पांडे के अनुसार तीन मंजिला मकान में भूतल पर दोना पत्तल की दुकान है और दूसरे एवं तीसरे तल पर भी भारी मात्रा में दोना पत्तल रखा गया था।
अधिकारी ने बताया कि दमकलर्मियों ने भवन से मकान मालिक विनोद केसरवानी, उनकी पत्नी रानी केसरवानी और उनके बेटे अनूप केसरवानी को आग से बचाकर सकुशल बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुट्ठीगंज थाना के प्रभारी सुनील बाजपेयी ने बताया कि विनोद केसरवानी (75) ह्रदय के मरीज थे और इस घटना के सदमे से अस्पताल में उनकी ह्रदय गति रुकने से मृत्यु हो गई।
भाषा राजेंद्र पवनेश राजकुमार

Facebook


