नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) दिल्ली के करोल बाग इलाके में स्थित एक इमारत में बुधवार को भीषण आग लगने के बाद दमकल की कई गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस इमारत की ऊपरी मंजिल पर पेइंग गेस्ट ( पीजी) चल रहा था।
दिल्ली अग्निशमन सेवा ( डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया की करोल बाग के चना मंडी इलाके में स्थित पीजी में आग लगने की सूचना पूर्वाह्न करीब 11 बजे मिली जिसके बाद दमकल की 12 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि आग पर दोपहर 12.25 बजे तक काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा कि इमारत में भूतल के अलावा तीन मंजिल हैं। उन्होंने कहा कि तीसरी मंजिल पर पीजी चल रहा था जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर जूते रखने का गोदाम था।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इमारत में भूतल पर चमड़े के जूते बनाने की एक छोटी इकाई चल रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीजी में रह रहे दो छात्रों को दमकल कर्मियों की मदद से निकाल लिया गया है और एक छात्र को मामूली चोट आई है।
उन्होंने बताया कि मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस बल मौजूद है और आवश्यक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की गई है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश