नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) दक्षिण पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत ढहने के मामले में फरार आरोपी और पीजी संचालक शुभम त्यागी ने शुक्रवार को पटियाला हाउस अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इमारत ढहने की घटना में पांच छात्रों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पांच मंजिला इमारत ढहने की परिस्थितियों के बारे में पूछताछ और आगे की जांच के लिए त्यागी को दो दिनों के लिए हिरासत में दिये जाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, त्यागी दक्षिणी पश्चिम दिल्ली की इमारत में ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) आवास का संचालन कर रहा था और उसने इसके मालिक से संपत्ति की एक मंजिल पट्टे पर ली थी।
घटना के बाद से वह फरार था और पुलिस टीम उसकी तलाश के लिए कई जगहों पर छापेमारी कर रही थीं।
इससे पहले, पुलिस ने पीजी संचालन में शामिल सुधांशु लवनीश को भी गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने कहा कि लवनीश का फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर के पास सत्य निकेतन स्थित इमारत रविवार को उस समय ढह गई, जब मरम्मत और विस्तार का काम चल रहा था।
इससे पहले, पुलिस ने इमारत की मालकिन उर्मिला गुप्ता (75), उनके पति हरिराम गुप्ता (81) व बेटे महेश के साथ-साथ श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार और पेइंग-गेस्ट-आवास संचालक लवनीश को गिरफ्तार किया था।
भाषा नोमान दिलीप
दिलीप